Tuesday, 8 July 2025

जब मुझे सबसे ज़्यादा किसी की ज़रूरत होती है, तभी मैं लोगों को खुद से दूर क्यों कर देता/देती हूँ?

कमज़ोरी दिखाना आसान नहीं होता...

खासकर उनके लिए जिन्हें दुनिया उनकी हिम्मत, सब्र और समझदारी के लिए सराहती है।

जब कोई इंसान भीतर तक टूट जाता है, तब वह ऐसी अवस्था में पहुँचता है जहाँ ज़िंदगी का हर दिन एक बोझ लगने लगता है। या कभी-कभी वह अपने कमजोर पहलू उन लोगों को भी नहीं दिखाना चाहता जो उसके लिए सबसे ज़्यादा मायने रखते हैं।

जब मानसिक स्थिति अच्छी न हो, तब हमें प्यार की ज़रूरत महसूस होती है —
मगर डर यह होता है कि जिसने हमें इस हाल में देखा है, वह शायद हमारे साथ रहना ही न चाहे।
और यही डर हमें सब से दूर कर देता है।

हमें लगता है कि हम ज़रूरत से ज़्यादा माँग रहे हैं —
कि कोई हमें इस रूप में भी अपनाए, जो हालातों ने बना दिया है।
लगता है जैसे हम अब इस रूप में किसी के लायक नहीं रहे...
किसी की फिक्र और सहानुभूति के हक़दार नहीं रहे...
क्योंकि हमने कुछ ऐसे फैसले लिए, जो ज़रूरी थे पर बेहतर नहीं — क्योंकि बेहतर कोई option था ही नहीं।

जब जीवन में सहने को बहुत हो और चुनने को बहुत कम, तब लगता है कि हमारे साथ चलने वाला भी हमारे साथ उस अंधियारे दरिया में खिंच जाएगा —
और इसलिए हम अकेले ही उस अंधियारे दरिया में कूद जाना बेहतर समझते हैं...
सबको पीछे छोड़कर — यहाँ तक कि उन्हें भी, जो हमारे लिए सबसे ज़्यादा मायने रखते हैं।

अगर आप भी कुछ ऐसा ही महसूस कर रहे हैं, तो एक बार मेरी बात सुन लीजिए...

आप ग़लत नहीं थे — आपके साथ ग़लत हुआ था।
आप अंधे नहीं थे — आपकी आँखों पर पट्टी बांधी गई थी।
आप बुरे नहीं थे जो बुरा चुना — जब और कोई बेहतर विकल्प ही नहीं था।

कृपया खुद को depression की गहराई में मत धकेलिए...
अगर धकेल चुके हैं, तो अब खुद को समेटिए, संभालिए।

आपकी कहानी ख़त्म नहीं हुई है...
अंधेरा आना तय था, पर वह आपकी मंज़िल नहीं थी।
वह तो बस एक रात थी... और अब सूरज उग रहा है।

खिड़की खोलिए... या कम से कम झाँक कर तो देखिए...
हर दिन एक नई शुरुआत लेकर आता है...
आज का दिन भी आपके लिए कुछ नया लाया है...

जो हुआ, वह दुर्भाग्यपूर्ण था — पर घातक नहीं।
क्योंकि आप अब भी साँस ले रहे हैं।

एक गहरी साँस लीजिए — सिर्फ आहें मत भरिए।

आपके अपने अब भी आपके आसपास हैं — भले ही आपने उन्हें ज़ोर से कहा हो, "मुझे अकेला छोड़ दीजिए, मुझे किसी की ज़रूरत नहीं है..."
पर वे जानते हैं — आपको ज़रूरत है... बहुत ज़्यादा है।

अपनी ग़लतियों को माफ़ कीजिए...
उन्हें अपनाइए...
पर पश्चाताप वाले स्टेशन पर रुकिए मत — अगला पड़ाव है: प्रायश्चित।

आपने जब ग़लती की, तब सब बर्बाद नहीं हुआ था —
पर अगर आप उसे वैसा ही छोड़ देते हैं, तो वह बर्बादी वहीं से शुरू होती है।

यह ख़त्म नहीं हुआ है...
अगर आप सीखना चाहें, और दोबारा कोशिश करना चाहें — बेहतर तरीक़े से।

ज़िंदगी एक छूटे हुए मौक़े का नाम नहीं है...
ज़िंदगी आपको बार-बार नए रास्ते देती है...

पर आप उन्हें खोते जा रहे हैं,
क्योंकि आप अब भी बैठे हैं — उस "मुझे अकेला छोड़ दीजिए" वाले दरवाज़े के पीछे...
एक खुद से बुने हुए दुख के कंबल में लिपटे हुए...

अब उठिए। क्योंकि कहानी अभी बाक़ी है... और हमेशा रहेगी जब तक आप खुद को छोड़ न दें।

2 comments:

Is Social Media Stealing Your Everyday Joy?

One was quite happy with their decent-sized house with basic amenities, their secondhand but great-shape vehicle, their kids' better-tha...